-एक विषय की परीक्षा में शामिल हो सकेंगे परीक्षार्थी, कोषागार में जमा करनी होगी फीस
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। माध्यमिक शिक्षा परिषद ने वर्ष 2026 की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की पूरक परीक्षा के लिए आवेदन की तारीखें जारी कर दी हैं। विद्यार्थी परिषद की आधिकारिक वेबसाइट upmsp.edu.in पर पांच जून से 27 जून तक आवेदन कर सकते हैं। परीक्षार्थी केवल एक विषय की पूरक परीक्षा में शामिल हो सकेंगे।
हाईस्कूल के परीक्षार्थियों के लिए एक विषय की पूरक परीक्षा का शुल्क 256 रुपये निर्धारित किया गया है। इंटरमीडिएट में मानविकी, वैज्ञानिक और वाणिज्य वर्ग के परीक्षार्थी भी एक विषय की पूरक परीक्षा दे सकते हैं। इंटरमीडिएट के लिए यह शुल्क 306 रुपये तय किया गया है। परीक्षार्थियों को शुल्क कोषागार में चालान के माध्यम से जमा करना होगा। यह शुल्क माध्यमिक शिक्षा परिषद के मानक मद में जमा किया जाएगा। शुल्क के चालान की मूल प्रति को संभाल कर रखना होगा। पूरक परीक्षा के अंतरजाल पर भरे गए आवेदन की प्रति भी डाउनलोड करनी होगी। इन दोनों प्रतियों को निर्धारित अंतिम तिथि के तीन दिन बाद तक संबंधित क्षेत्रीय कार्यालय को पंजीकृत डाक के माध्यम से भेजना अनिवार्य है।
इस तरह रहा था परीक्षा परिणाम
हाईस्कूल में 13766 परीक्षार्थियों में से 13273 ने परीक्षा दी। इसमें 12030 पास हुए हैं और 1243 फेल हो गए। इंटरमीडिएट की परीक्षा में जिले में 13418 परीक्षार्थियों में से 13118 ने परीक्षा दी थी। इनमें से 11024 परीक्षार्थी पास हुए और 2094 फेल हो गए। इनमें से काफी परीक्षार्थी ऐसे हैं, जिनकी एक या दो विषय में कंपार्टमेंट आई है और उन्हें अंतिम बार पास होने का मौका दिया गया है।