तहसील से ब्लॉक स्तर तक लंबित पड़े हैं अधिकतर आवेदन, लोग सरकारी दफ्तरों में चक्कर लगाने के लिए मजबूर
पेंशन, शादी अनुदान समेत अन्य योजनाओं के 2210 आवेदन हैं लंबित
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। शासन से संचालित योजनाओं को लेकर तहसील स्तर से लेकर ब्लॉक स्तर पर लापरवाही बरती जा रही है। शादी अनुदान, पेंशन योजनाओं के 2210 आवेदन पत्रों में अधिकतर तहसील व ब्लॉकों में लंबित हैं। जिस कारण आवेदक सरकारी दफ्तरों में चक्कर लगाने के लिए मजबूर हैं।
जिलेभर के लोगों ने वृद्धावस्था पेंशन, निराश्रित महिला पेंशन योजना, विभिन्न वर्गों के शादी अनुदान व कन्या सुमंगला योजना अंतर्गत आवेदन कर रखे हैं। इन आवेदनों की जांच ब्लॉक से लेकर तहसील स्तर तक कराई जाती है। इसकी रिपोर्ट के आधार पर पात्रता साबित होती है। जिसमें वृद्धावस्था पेंशन येाजना के 1470 आवेदन, निराश्रित महिला पेंशन के 322, अनुसूचित जाति शादी अनुदान के 38 आवेदन लंबित हैं। साथ ही सामान्य वर्ग शादी अनुदान के 23, पिछड़ा वर्ग शादी अनुदान के 97, अल्पसंख्यक शादी अनुदान के 58 व कन्या सुमंगला के 202 आवेदन तीनों तहसीलों व छह ब्लॉकों में लंबित है।
जिसमें से सात आवेदन जिविनि कार्यालय, दो बेसिक शिक्षा व 21 आवेदन खंड शिक्षा अधिकारी स्तर पर लंबित हैं। इस मामले में सीडीओ रंजीत सिंह का कहना है कि ज्यादा समय से लंबित आवेदनों की सूची बनवाकर संबंधित अधिकारी से जवाब मांगा जाएगा। जल्द ही जांच के बाद पात्रों को लाभ दिलाया जाएगा।