निरपड़ा गांव के किसान ने खाद के गड्ढों से अवैध कब्जा हटवाने के नाम पर मांग रहा था दस हजार रुपये
भ्रष्टाचार निवारण संगठन लखनऊ से 27 जनवरी को गई थी शिकायत, मेरठ और मुरादाबाद की संयुक्त टीम ने की कार्रवाई
आरोपी लेखपाल फिलहाल काननूगो का चार्ज भी संभाले रहे है, कोतवाली में पूछताछ जारी
संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ौत (बागपत)। भ्रष्टाचार निवारण संगठन की मेरठ और मुरादाबाद की टीम ने बुधवार को तहसील के लेखपाल कृष्णपाल शर्मा को रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया। आरोपी लेखपाल निरपुड़ा गांव के किसान से खाद के गड्ढों से अवैध कब्जा हटवाने के नाम पर दस हजार रुपये की रिश्वत मांग रहा था। वर्तमान में कानूनगो का कार्यभार संभाल रहे आरोपी लेखपाल की पीड़ित किसान ने एसडीएम और डीएम से शिकायत की थी। मगर, सुनवाई न होने पर भ्रष्टाचार निवारण संगठन लखनऊ से इसकी शिकायत की थी। इसके बाद बुधवार को कार्रवाई की गई। फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है।
निरपुड़ा गांव के किसान जगदीश पुत्र अजब सिंह ने एसडीएम सुभाष सिंह सहित अन्य आला अधिकारियों से शिकायत की थी कि तहसील में तैनात लेखपाल कृष्णपाल शर्मा निवासी सिनौली खाद के गड्ढों को कब्जा मुक्त कराने के नाम पर उससे दस हजार रुपये मांग रहा है। स्थानीय स्तर पर सुनवाई न होने पर किसान ने 27 जनवरी को भ्रष्टाचार निवारण संगठन लखनऊ से इसकी शिकायत की थी। मंगलवार को लखनऊ से यह शिकायत भ्रष्टाचार निवारण संगठन की मेरठ और मुरादाबाद टीम के पास पहुंची। इस पर मेरठ के इंस्पेक्टर अशोक शर्मा और मुरादाबाद के इंस्पेक्टर विजय कुमार के संयुक्त नेतृत्व में टीम बुधवार को तहसील पहुंची और पीड़ित किसान जगदीश को लेकर लेखपाल कृष्णपाल शर्मा के पास गई। जैसे ही लेखपाल ने किसान जगदीश से दस हजार रुपये लिए तुरंत टीम ने उसे धर दबोचा। तहसील से लेखपाल को कोतवाली भेजा गया, जहां उससे पूछताछ की जा रही है।
उप्र लेखपाल संघ के कार्यकर्ताओं ने किया हंगामा
जैसे ही एंटी भ्रष्टाचार निवारण संगठन लेखपाल कृष्णपाल शर्मा को लेकर कोतवाली पहुंची तो उप्र लेखपाल संघ के जिलाध्यक्ष भारत भूषण और तहसील प्रभारी सत्यपाल के नेतृत्व में लेखपालों ने कार्रवाई को गलत बताते हुए हंगामा किया। कहना था कि षडयंत्र के तहत कृष्णपाल शर्मा को फंसाया गया है। उनकी तहसील मेें साफ छवि है। निरपुड़ा गांव के लोगों ने आपसी रंजिश में लेखपाल की झूठी शिकायत कर उन्हें षडयंत्र के तहत फंसाया है। यदि उन्हें रिहा नहीं किया गया तो संघ धरना प्रदर्शन शुरू करेगा।
पीड़ित किसान जगदीश ने लखनऊ मेें भ्रष्टाचार निवारण संगठन में शिकायत की थी। इसके बाद टीम ने बुधवार को तहसील पहुंचकर आरोपी लेखपाल को दस हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए पकड़ा है। - विजय कुमार, इंस्पेक्टर, भ्रष्टाचार निवारण संगठन मुरादाबाद
काननूगो का कार्यभार भी संभाल रहे है कृष्णपाल
आरोपी लेखपाल कृष्णपाल शर्मा फिलहाल काननूगो का कार्यभार भी संभाले रहे है। उनके पास लेखपाल के तौर पर दोघट, निरपुडा व भड़ल गांव का क्षेत्र था जबकि काननूगो के रूप में वे दोघट, बिनौली और बरनावा क्षेत्र देख रहे है।
ये रहे टीम में शामिल
भ्रष्टाचार निवारण संगठन के मेरठ के इंस्पेक्टर अशोक शर्मा, मुरादाबाद के इंस्पेक्टर विजय कुमार, इंस्पेक्टर नवल मारवा, हेडकांस्टेबल राखी शर्मा, हेडकांस्टेबल अमृतपाल शामिल रहे।