बागपत। गुफा मंदिर के सामने मार्ग पर स्थित पशुओं की डेयरी के बाहर पशु व्यापारी कल्लू और नासिर निवासी पुराना कस्बा के साथ मारपीट कर दी गई। इसमें पशु व्यापारियों ने 55 हजार रुपये की नकदी लूटने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। उधर, घायल पशु व्यापारियों का सीएचसी में उपचार कराया गया।
पुराना कस्बा निवासी मोहम्मद नौशाद ने बताया कि उनके परिवार के कल्लू और नासिर पशुओं का व्यापार करते है, जो बुधवार की दोपहर गुफा मंदिर के सामने मार्ग पर स्थित डेयरी में पशु खरीदने गए थे। वहां से पशु खरीदने के बाद वापस लौटने लगे तो बाहर खड़े युवकों ने उनके साथ गाली-गलौज करते हुए हमला कर दिया। आरोप लगाया कि हमलावरों ने नासिर और कल्लू की लाठी-डंडों से पिटाई कर घायल कर दिया और नासिर की जेब में रखे 55 हजार रुपये की नकदी लूटकर ले गए। वहां हंगामा होने पर हमलावर अपनी बाइक छोड़कर भाग गए, जिसे पुलिस को सौंप दिया गया। घायल पशु व्यापारी ने हमलावरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इस मामले में जांच अधिकारी दीक्षित कुमार त्यागी ने बताया कि प्रथमदृष्टया जांच में रुपयों के लेनदेन का विवाद लग रहा है। इसमें जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।