बागपत जनपद निवासी एक किसान को यूरिया के बोरे में मोबाइल मिला। उसने मोबाइल चार्ज कर मालिक से बात की और उसे फोन लाैटा दिया। किसान की ईमानदारी की हर तरफ प्रशंसा हो रही है।
बागपत जनपद के बिनौली थानाक्षेत्र के गलेहता गांव में एक किसान ने ईमानदारी का परिचय दिया। किसान प्रवीण वालिया को यूरिया खाद के बोरे में एक मोबाइल मिला। किसान ने मोबाइल में आई मिस्ड कॉल पर बात की तो वह गुजरात की फर्टिलाइजर कंपनी के कर्मचारी का निकला। किसान ने मोबाइल को डाकघर बिनौली से स्पीड पोस्ट कर कर्मचारी को भेजकर ईमानदारी परिचय दिया है।
विज्ञापन
किसान बिनौली सहकारी समिति से यूरिया खाद के बोरे लेकर गया था। शुक्रवार को उसने अपनी गेंहू की फसल में खाद डालने के लिए बोरा खोला तो उसमें एंड्रॉयड मोबाइल मिला।
किसान ने घर आकर मोबाइल चार्ज कर खोला और उसमें आयी मिस्ड कॉल पर बात की तो यह मोबाइल गुजरात के सूरत में कृभको फर्टिलाइजर कंपनी में कार्यरत कर्मचारी अशोक तिरोले का निकला।
उसने किसान को बताया कि खाद की बोरे में पैकिंग करते समय मोबाइल यूरिया के बोरे में गिर गया था। उसने किसान का धन्यवाद दिया। क्षेत्र के लोगों ने भी किसान की ईमानदारी की प्रशंशा की है।