संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। दिल्ली-सहारनपुर नेशनल हाईवे पर नौ अगस्त को कार की टक्कर लगने से घायल हुए अजय (23) निवासी गणेशपुरा जिला मुरैना मध्य प्रदेश की दिल्ली के अस्पताल में मौत हो गई थी। इसमें अजय के चाचा मुकेश कुमार ने गाड़ी नंबर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कराई।
शिकायतकर्ता मुकेश कुमार ने बताया कि नौ अगस्त को उसका भतीजा अजय अपने दोस्त समीर निवासी रजपुर जिला चंपारण बिहार के साथ दिल्ली से हरिद्वार जा रहा था। देर रात नेशनल हाईवे पर खेड़की गांव के पास एक कार ने अजय की बाइक में टक्कर मार दी। घायल अजय को सरूरपुरकलां सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद दिल्ली रेफर कर दिया। कई दिन बाद दिल्ली के सफदरगंज अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। इस मामले में जांच अधिकारी इंस्पेक्टर मनोज कुमार का कहना है कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। चालक का पता लगाकर कार्रवाई की जाएगी।