जनपद में आए दिन लोग साइबर अपराध का शिकार हो रहे हैं। पिछले तीन माह के अंदर तकरीबन 150 से अधिक लोग साइबर ठगों के चक्कर में आकर अपना नुकसान कर चुके हैं। यह हाल तो तब है, जब लोगों को साइबर ठगों से सचेत रहने के लिए पुलिस लगातार जागरूकता अभियान चला रही है। फिलहाल ठगों को आर्थिक रूप से चोट पहुंचाने के लिए सरकार के निर्देशों पर पुलिस ने सख्त कदम उठाया है।
बागपत पुलिस ने ऐसे तकरीबन 110 मोबाइल नंबरों की सूची तैयार की है, जिनसे एक से अधिक बार लोगों को ठगने के मामले सामने आए हैं, उनको सूचीबद्ध किया जा रहा है। पूरी जांच पड़ताल के बाद ऐसे मोबाइल नंबरों को एसपी के आदेश के बाद टेली कम्युनिकेशन विभाग को भेजा जा रहा है। वहां से सेवा प्रदाता कंपनी से यह पता लगाया जाएगा कि यह नंबर किस मोबाइल फोन पर चल रहा है। उसकी अंतरराष्ट्रीय मोबाइल उपकरण पहचान संख्या (आईएमईआई नंबर) क्या है? फिर उस नंबर और संबंधित फोन को हमेशा के लिए ब्लॉक करवा दिया जाएगा। जून में अब तक कई नंबरों को बंद भी करा दिया गया है।