बागपत। जिले में वैक्सीन के अभाव में शुक्रवार को भी टीकाकरण प्रभावित रहा। इससे पात्रों को परेशानी हुई। वहीं, शुक्रवार को शासन से जिले को 9700 कोवैक्सिन व 2900 कोविशील्ड डोज आवंटित हुई हैं। हालांकि ये कलस्टर अभियान चलाने के लिए पर्याप्त नहीं हैं।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा एक जुलाई से कलस्टर बनाकर टीकाकरण अभियान चलाने की तैयारी शुरू की गई थी। खेकड़ा व छपरौली ब्लॉक में कलस्टर बनाकर टीकाकरण का ट्रायल सफल रहा। अभियान अंतर्गत जिले में 62 कलस्टर में 3564 सत्रों में टीकाकरण का प्लान बनाया था। वैक्सीन के अभाव में टीकाकरण अभियान शुरू नहीं हो पाया है। जिले में बृहस्पतिवार व शुक्रवार को 21-21 सत्र लगाकर टीकाकरण किया गया।
शासन स्तर से शुक्रवार को जिले के लिए 9700 डोज कोवैक्सिन व 2900 डोज कोविशील्ड अलॉट हुई हैं। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी एसीएमओ डॉ. दीपा सिंह ने बताया कि वैक्सीन के अभाव में सत्र कम किए गए हैं। कलस्टर बनाकर अभियान भी शुरू नहीं हो पाया है। वैक्सीन के शुक्रवार को हुए आवंटन से भी कलस्टर अभियान नहीं चलाया जा सकता है। वैक्सीन मिलने पर जिले भर में कलस्टर बनाकर अभियान चलाकर गांव-गांव में टीकाकरण किया जाएगा।
टीकाकरण अभियान चलाया
चांदीनगर। रटौल कस्बे में 28 जून से टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है। इसके लिए नौ सेंटर बनाए गए हैं। रटौल कस्बे के मजरे से ही खरक गांव जुड़ा है। रटौल के समाजसेवी हाजी मुंतजिर, बाबूखान ने स्वास्थ्य विभाग से खरक मे ंटीम भेजकर वैक्सीनेशन की अपील की थी। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शुक्रवार को खरक पहुंचकर टीकाकरण किया। टीम में डॉ. साजिया, एनएनएम राजेश देवी, गौरव का सहयोग रहा। उधर, राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय महामंत्री व पूर्व सिंचाई मंत्री डॉ. मेराजुद्दीन अहमद ने कोविड-19 वैक्सीन का दूसरा टीका लगवाया। क्षेत्रवासियों से संक्रमण से बचाव के लिए टीका लगवाने की अपील की।