संतोषजनक जवाब न देने पर किसानों ने जतायी नाराजगी
सूचना पर पहुंची पुलिस, किसानों ने की दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग
बड़ौत। ऋण में फर्जीवाड़ा करने का आरोप लगाते हुए किसानों ने बिनौली रोड स्थित यूनियन बैंक शाखा पर हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने समझाबुझाकर किसानों को शांत किया। लेकिन किसानों ने ऋण में फर्जीवाड़ा करने वाले कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। मांग पूरी न होने पर डीएम मुख्यालय पर धरना देने की चेतावनी दी।
सिनौली गांव के किसान इक्टठा होकर यूनियन बैंक शाखा बिनौली रोड पर पहुंचे। किसानों ने कहा कि गांव के दिनेश चन्द पुत्र श्रीकृष्ण पालीवाल ने वर्ष 2016 मेें एसबीआई की कृषि विकास शाखा से 5.93 लाख का लोन लिया था, लेकिन बकाया गन्ना भुगतान सहित अन्य समस्याओं के चलते लिया गया ऋण जमा नहीं हो पाया। इस दौरान पीड़ित ने जब तहसील पहुंचकर प्रधानमंत्री सम्मान निधि योजना का फार्म भरने के लिए फर्द निकलवाई तो उसमें 6 लाख रुपये का अतिरिक्त लोन यूनियन बैंक से अंकित दर्शाया गया। किसान ने जब बैंक अधिकारियों से इसकी जानकारी लेनी चाहिए तो दो दिन में जानकारी देने का आश्वासन दिया। आरोप है कि इस बीच यूनियन बैंक से दो कर्मचारी किसान के घर पहुंचकर ऋण वसूली का नोटिस लेकर पहुंचे। बुधवार को दोबारा से बैंक पहुंचकर जानकारी जुटाने का प्रयास किया तो बैंक अधिकारियों ने संतोषजनक जवाब नहीं दिया। इससे आक्रोशित किसानों ने हंगामा शुरू कर दिया। फर्जीवाड़ा करने वाले कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। हंगामा करने वालों में दिनेश, वरूण, सरदार सिंह, विपिन पूनिया, निमेष पालीवाल आदि शामिल रहे।
ऋण में कोेई फर्जीवाड़ा नहीं
- यूनियन बैंक शाखा बिनौली रोड के मैनेजर जितेन्द्र कुमार का कहना है कि ऋण में कोई फर्जीवाड़ा नहीं किया गया है। लोन की फाइल में दिनेश का फोटो लगा है। बैंक के पास लोन लेने वाले व्यक्ति का शपथ पत्र व नोड्यूज सहित अन्य प्रमाण पत्र हैं। सभी प्रमाण पत्रों की जांच कर लोन दिया गया है।