बागपत। कृषि विभाग के सहायक प्राविधिक (बी) महेश खोखर पर थ्रेसिंग फ्लोर व प्रेरणा कैंटीन के फर्जी बिलों का भुगतान कराने के आरोपों के मामले की जांच को फाइलों में दबा दिया गया। इसलिए ही ग्रामीणों ने अब डीएम से शिकायत कर दूसरे जिले से जांच कराकर कार्रवाई की मांग की।
मुकंदपुर के लोकेश कुमार, महिपाल, तपेंद्र, सुधीर, पुष्पेंद्र, रामपाल आदि ने डीएम से शिकायत करते हुए बताया कि महेश खोखर ने मार्च 2020 में थ्रेसिंग फ्लोर (पक्का चबूतरा) बनाने के नाम से फर्जी बिल बनाकर छह थ्रेसिंग फ्लोर के 10 लाख 20 हजार रुपये का भुगतान कर लिया।
इसके अलावा प्रेरणा कैंटीन के फर्जी बिल बनाकर भुगतान करा लिया था। करीब एक वर्ष पहले कुछ किसानों ने तत्कालीन डीएम व उपकृषि निदेशक बागपत को शिकायत की थी। थ्रेसिंग फ्लोर व प्रेरणा कैंटीन के फर्जी बिलों की भी शिकायत की गई थी।
आरोप है कि शिकायत के बाद दो अधिकारियों को जांच सौंपी गई लेकिन वह जांच फाइलों में दबी हुई है। अधिकारी भी जांच करने के लिए तैयार नहीं है। उन्होंने डीएम अस्मिता लाल से शिकायत करते हुए दूसरे जिले से अन्य विभागों के अधिकारियों से जांच कराकर कार्रवाई करने की मांग की है।