बागपत। नेशनल हाईवे से नैथला-फैजपुर निनाना होकर आगे कई गांवों तक जाने वाली सड़क का निर्माण चुनाव बाद शुरू होगा। इसके निर्माण पर 67 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके निर्माण से एक दर्जन गांवों के लोगों की समस्या दूर हो जाएगी। क्योंकि इन गांवों के लोग पिछले कई महीनों से सड़क निर्माण कराए जाने की मांग उठा रहे है। इस सड़क में अभी कई फुट तक गहरे गड्ढे है।
नेशनल हाईवे से नैथला-फैजपुर निनाना होते हुए आगे कई गांवों तक जाने वाले जर्जर मार्ग को ठीक करने की मांग कई बार उठाई गई। पीडब्ल्यूडी ने इस सड़क की हालत सुधारने के लिए करीब छह लास रुपये खर्च करके गड्ढों को भरवा दिया था। मगर, छह लाख रुपये खर्च करने के बावजूद सड़क एक महीने भी ठीक नहीं रही और उसकी हालत पहले से ज्यादा खराब हो गई। सड़क में गहरे गड्ढे हो गए है और वाहन चालकों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। इस सड़क की हालत खराब होने से नैथला, फैजल्लापुर, फैजपुर निनाना, बिहारीपुर, सुल्तानपुर हटाना, खेड़ा इस्लामपुर, राजपुर खामपुर, खेड़ी प्रधान, लुहारी, बोहला, जोनमाना गांव के लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है।आचार संहिता लगने से पहले इसका प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा गया था। जिसकी मंजूरी मिलने के साथ ही बजट भी आना शुरू हो गया, लेकिन इसका निर्माण शुरू नहीं हो सका। लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के अनुसार इस सड़क का निर्माण चुनाव बाद तुरंत शुरू कराया जाएगा। इसको 67 लाख रुपये से बनवाया जाएगा, जिससे गांवों की समस्या दूर हो जाएगी।
सड़क को ठीक करने के बाद उसकी हालत दोबारा खराब हो चुकी है। इसमें काफी गड्ढे है। सड़क का निर्माण नहीं होने से लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। इसका चुनाव बाद तुरंत निर्माण होना चाहिए। - रोहित धनकड़, फैजपुर निनाना
सड़क के छह लाख रुपये से गड्ढे भरवाने के बाद वह दोबारा खराब हो गई थी। इसके निर्माण का प्रस्ताव भेजा गया था। आचार संहिता से पहले मंजूरी मिलने के साथ ही बजट मिलना शुरू हो गया था। अब चुनाव के तुरंत बाद ही निर्माण शुरू करा दिया जाएगा। - गोपाल राज सिंह, एई, पीडब्ल्यूडी