बागपत। डिप्टी सीएमओ और उनके परिवार को खाने में टीबी मरीजों का सैंपल मिलाकर खिलाने की साजिश रचने के एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। जिसने पूछताछ में बताया कि डिप्टी सीएमओ के डांटने और परेशान करने से क्षुब्ध होकर उन्होंने खाने में टीबी मरीजों के एमडीआर सैंपल मिलाने की साजिश रची थी।
डिप्टी सीएमओ व जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. यशवीर सिंह और उनके परिवार को खाने में टीबी मरीजों के एमडीआर सैंपल मिलाकर खिलाने की साजिश रचने का खुलासा सात अक्तूबर को हुआ था। इसके बाद डिप्टी सीएमओ ने क्षय रोग विभाग में तैनात जब्बार खान और मुशीर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस ने आरोपी जब्बार खान निवासी चमरावल को गिरफ्तार कर लिया।
सीओ हरीश भदौरिया ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की गई। जिसने पूछताछ में डिप्टी सीएमओ डाॅ. यशवीर सिंह के विभागीय कार्याें को लेकर बार-बार डांटने और परेशान करने से क्षुब्ध होकर साजिश रचने की जानकारी दी। जिसके लिए उन्होंने डिप्टी सीएमओ के चतुर्थ श्रेणी कर्मी को अपनी साजिश में शामिल किया। उधर, पुलिस ने दूसरे आरोपी मुशीर की तलाश में भी दबिश दी। पुलिस का कहना है कि जल्द ही दूसरे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
- स्वास्थ्यकर्मियों की हड़ताल स्थगित
आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर प्रांतीय चिकित्सा सेवा संघ के पदाधिकारियों ने 16 अक्तूबर को स्वास्थ्य सेवाएं ठप करने की चेतावनी दे दी थी। जिसके बाद आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अधिकारियों ने चिकित्सकों से वार्ता की। इसके बाद हड़ताल स्थगित कर दी गई।