अधिवक्ताओं का एलान, खुद को अकेला न समझें किसान
बागपत। बड़ौत में किसानों पर लाठीचार्ज किए जाने के विरोध में अधिवक्ताओं ने बैठक की। जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष सोमेंद्र ढाका ने कहा कि किसान खुद को अकेला ना समझें। इस विपरीत हालात में जिले के अधिवक्ता किसानों के साथ खड़े हैं। किसानों का शोषण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
बृहस्पतिवार को कचहरी परिसर में किसानों के समर्थन में अधिवक्ताओं ने बैठक का आयोजन किया। अध्यक्ष सोमेंद्र ढाका ने कहा कि शांतिपूर्ण तरीके से धरने पर बैठे किसानों पर जिस तरह अत्याचार किया गया है, वह निंदनीय है। बर्बरता के मामले में पुलिस ने अंग्रेजों को भी पीछे छोड़ दिया है। रात के अंधेरे में किसानों पर किए गए लाठीचार्ज की निंदा की जानी चाहिए।
जिला बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष जयवीर सिंह तोमर ने कहा कि सरकारें बदलती रहती हैं लेकिन पुलिस-प्रशासन की जनता के प्रति जवाबदेही है। वह निष्पक्ष होकर काम नहीं कर रही है। बड़ौत में किसानों ने एक दिन भी किसी को परेशान नहीं किया। इसके बावजूद जिस तरह एडीएम, एएसपी और सीओ बड़ौत की अगुवाई में किसानों पर ज्यादाती की गई उसका हिसाब अदालत में लिया जाएगा। अधिवक्ताओं ने कहा कि किसानों को घबराने की जरूरत नहीं है। मूलचंद यादव, राजकुमार त्यागी, जयवीर सिंह सांकलपुट्ठी, राशिद तस्लीम, नरेंद्र सिंह मान, देवेंद्र आर्य, सत्येंद्र खोखर, सौदान राठी, अजित सिंह, प्रदीप नैन, विजय तोमर, महेश रंगा, नवीन ढाका, सरफराज, कपिल पंवार, प्रवेश दीक्षित, लोकेंद्र तोमर, मुकेश उज्जवल, हरेंद्र तोमर, आकिब चौधरी और अमित तंवर उपस्थित रहे।