मेरठ के अधिवक्ता ओमकार सिंह तोमर की मौत के मामले में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत/बड़ौत। मेरठ के अधिवक्ता ओमकार सिंह तोमर की मौत के मामले में हाई कोर्ट बेंच संघर्ष समिति के आह्वान पर बृहस्पतिवार को यहां भी अधिवक्ता न्यायिक कार्यों से विरत रहे। उन्होंने कचहरी के गेट पर प्रदर्शन करते हुए आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। डीएम राजकमल यादव को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।
जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष सोमेंद्र ढाका ने कहा कि अधिवक्ता ओमकार सिंह तोमर की आत्महत्या के मामले में किसी भी आरोपी को पुलिस अभी तक गिरफ्तार नहीं कर पाई है। पुलिस-प्रशासन आश्वासन देकर लगातार गुमराह कर रहा है। अधिवक्ताओं ने इस मामले में सभी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। न्याय नहीं मिलने तक आंदोलन जारी रखने का एलान किया। प्रदर्शन करने वालों में रामपाल शर्मा, धर्मेंद्र कुमार, सतेंद्र पाल शर्मा, प्रदीप कुमार तोमर, ब्रिजेश राजपूत, जयवीर तोमर, अंजलि, अमरपाल राणा, सत्मेंद्र खोखर, गौरव तोमर, आकिब चौधरी, प्रदीप नैन, अर्चित रूहेला, लोकेश कुमार, महेश राणा आदि अधिवक्ता मौजूद रहे।
उधर, बड़ौत में रेवेन्यू बार एसोसिएशन के अध्यक्ष आनंद पाल तोमर के नेतृत्व में काफी संख्या में अधिवक्ताओं ने तहसील में जुलूस निकाला। नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। इस दौरान धर्मवीर सिंह तोमर, सत्यपाल पंवार, वीरेंद्र शर्मा, रविंद्र राठी, रोहित तोमर, मदनलाल तेजान, हरबीर सिंह, वेदपाल पंवार, कुलदीप शेखर, दिनेश आदि मौजूद रहे।
हड़ताल के चलते वादकारी रहे परेशान
अधिवक्ताओं की हड़ताल के चलते वादकारी परेशान दिखाई दिए। अपने मुकदमों की पैरवी करने के लिए दूर-दूर से आए लोगों को कचहरी में कोई काम नहीं होने पर मायूस होकर लौटना पड़ा।