खेकड़ा (बागपत)। बस में सीट को लेकर हुए विवाद पर दिल्ली कोर्ट में अधिवक्ता और उसके चचेरे भाई पर चार युवकों ने हमला कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने तीन युवकों को दबोच लिया जबकि एक फरार हो गया। पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मोहल्ला औरंगाबाद निवासी सिद्धार्थ कौशिक दिल्ली कोर्ट में अधिवक्ता है। उसका चचेरा भाई उत्कर्ष बागपत स्थित आईटीआई कॉलेज में पढ़ता है। बुधवार की शाम उत्कर्ष बागपत से बस में सवार होकर खेकड़ा लौट रहा था। बस में ही गांव मवीकलां निवासी चार युवक भी बागपत से सवार हो गए। आरोप है कि युवकों ने गाली गलौज करते हुए उसे सीट से उठा दिया। विरोध करने पर मारपीट कर घायल कर दिया। बस के मवीकलां पहुंचने पर चारों ने उत्कर्ष को नीचे उतार कर दोबारा पीटा। इसी दौरान उत्कर्ष ने अपने चचेरे भाई अधिवक्ता सिद्धार्थ को इसकी सूचना दी। सिद्धार्थ मौके पर पहुंचा तो युवकों ने उसे भी मारपीट कर घायल कर दिया। सूचना मिलने पर पाठशाला चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और तीन हमलावरों को दबोच लिया जबकि एक भाग निकला। इसके बाद पुलिस तीनों को कोतवाली ले आई। साथ ही दोनों घायलों का सीएचसी में इलाज कराया। कोतवाली प्रभारी राजकुमार शर्मा ने बताय कि अधिवक्ता की तहरीर पर चारों हमलावरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पूछताछ की जा रही है।