बालैनी। थाना क्षेत्र के गांवों में धड़ल्ले से अवैध मिट्टी खनन चल रहा है। रोजाना दर्जनों ट्रैक्टर-ट्रॉली से इस काम को अंजाम दिया जा रहा है। नाबालिग बिना लाइसेंस के जेसीबी चला रहा है। अवैध खनन पर प्रशासनिक अधिकारी चुप्पी साधे हुए हैं। जबकि पुलिस ट्रैक्टर से अवैध वसूली कर रही है। प्रत्येक ट्रैक्टर-ट्रॉली की थाने की वसूली डायरी में एंट्री होने के बाद ही मिट्टी ले जाई जाती है।
बालैनी थाना क्षेत्र के मवीखुर्द, पुरा महादेव, चिरचिटा, मवीकलां, हरियाखेड़ा, आदि गांवों के जंगल में खनन माफिया खुलेआम जेसीबी से अवैध मिट्टी खनन कर रहे हैं। इसके चलते राजस्व विभाग को भी लाखों रुपये की रॉयल्टी का चूना लग रहा है। राजस्व विभाग के अधिकारी और कर्मचारी सब कुछ जानते हुए भी चुप्पी साधे हुए हैं। खनन माफियाओं के हौसले इतने बुलंद है कि पूरा दिन बेखौफ होकर मिट्टी खनन करते हैं। इस संबंध में एसडीएम अनुभव सिंह का कहना है कि मामला संज्ञान में आया है। खनन अधिकारी को मौके पर भेजा जाएगा और कार्रवाई की जाएगी। मिट्टी खनन में शामिल किसी भी कर्मचारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।