सूबे के निवेश आयुक्त एवं जिले के नोडल अधिकारी अमित मोहन प्रसाद ने कहा कि विकास कार्यों में गुणवत्ता का ध्यान रखा जाएं। इस वर्ष जो लक्ष्य प्राप्त हुए हैं, उन्हें समय सीमा के अंतर्गत पूर्ण किया जाना चाहिए। अधोमानक कार्य करने वाले ठेकेदारों की सूची बनाई जाए और उन पर पेनल्टी लगाते हुए ब्लैक लिस्ट किया जाए।
शुक्रवार को नोडल अधिकारी ने विकास भवन मार्च 2012 से मई 2016 तक की अवधि मे 25 लाख या अधिक मूल्य की 172 परियोजनाओं की समीक्षा की। 68 परियोजना का कार्य पूर्ण हो चुका है। वर्ष 2016-17 मे चयनित 20 गांव को संतृप्त किया जाएगा।
उन्होंने हिंडन नदी पुल के पहुंच मार्ग की समीक्षा करते हुए कहा कि 6.75 करोड़ की लागत से कार्य पूर्ण कराया जाएगा। यहां अभी तक 10 प्रतिशत कार्य पूर्ण हुआ है। नेथला मार्ग के कार्य की भी समीक्षा की गई। बालैनी के पास हिंडन नदी पर संकरे सेतु के स्थान पर नए पुल निर्माण की समीक्षा की गई। 30 जून तक कार्य पूर्ण हो जाएगा। न्यायिक अधिकारियों के 14 आवासों के निर्माण का कार्य प्रगति पर है।
बड़ौत नहर की पटरी पर सड़क निर्माण का कार्य जिसकी लागत 6.67 करोड़ है, पूर्ण कर लिया गया है। इसके अतिरिक्त 100 बैड मैटरनिटी होम का कार्य जिसकी लागत 19.008 करोड़ है, पूर्ण कर लिया गया है। कोताना बांगर मे राजकीय पॉलीटेक्निक का कार्य 50 प्रतिशत पूर्ण हो चुका है। टटीरी में आसरा योजना के अंतर्गत बनाए जाने वाले भवनों की समीक्षा की गई।
इसके अलावा किरठल में आठ करोड़ रुपये की लागत से राजकीय पॉलीटेक्निक का कार्य पूर्ण कराया गया। ग्राम पंचायत विकास योजना के अंतर्गत जीपीडीपी की कार्य योजना बनाते समय ऐसे तालाबों को, जो दलदल और कीचड़युक्त है, को सम्मिलित करने के निर्देश दिए गए।
इंदिरा आवास योजना के अंतर्गत वर्ष 2014-15 में नौ आवासों का लक्ष्य था, जो पूर्ण हो चुका है। जिला विकास अधिकारी ने बताया कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना में पूर्व में कुल 158 मार्गों की 471.915 किमी लंबाई का निर्माण हुआ है। डीएम हृदय शंकर तिवारी, सीडीओ जेपी रस्तोगी, जिला विकास अधिकारी हाकिम सिंह मौजूद रहे।