बागपत में पंचायत के तुगलकी फरमान के मामले रुकने का नाम नहीं ले रहे हैं। मंगलवार को रमाला क्षेत्र के एक गांव में रेप के प्रयास के आरोपी को पंचों ने पांच जूते मारकर छोड़ दिया गया। पीड़ित परिवार पुलिस से शिकायत कर चुका था, लेकिन पुलिस ने इसे गंभीरता से नहीं लिया।
गांव की 16 वर्षीय किशोरी मंगलवार शाम खेत में गई थी। रास्ते में गांव के ही एक युवक ने किशोरी को ईख के खेत में ले जाकर दुष्कर्म करने का प्रयास किया था। विरोध करने पर किशोरी की पिटाई भी की थी। पता चलने पर पीड़ित परिजनों ने इसकी शिकायत पुलिस से की। पुलिस ने गांव में पहुंचकर जांच पड़ताल भी की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की। गांव के लोगों ने पुलिस शिकायत को दरकिनार करते हुए पीड़ित परिवार पर समझौते का दबाव बनाया।
बाद में उनके घर पर गांव के लोगों ने पंचायत की। इस दौरान आरोपी को भी पंचायत में बुलाया गया। पंचों ने आरोपी को पांच जूते मारने का फरमान सुनाया। लोगों ने आरोपी युवक को पांच जूते मारकर छोड़ दिया। ग्राम प्रधानपति का कहना है कि इस मामले में पंचायत हुई थी। आरोपी युवक ने अपनी गलती की मांफी मांगी है। युवक को दो-चार चांटे भी मारे गए। केस में समझौता हो गया है।
उधर, रमाला थाना प्रभारी सतीश चंद्रा का कहना है कि लड़की से मारपीट का मामला थाने में आया था। पुलिस गांव में भेजी भी गई थी। लेकिन लड़की के परिजनों ने केस में समझौते की बात करते हुए कार्रवाई कराने से मना कर दिया था। पंचायत का मामला उनके संज्ञान में नहीं है।