बागपत के बड़ौत में इंडियन पब्लिक इंटर कॉलेज में छात्रों से इंटरमीडिएट परीक्षा में 85 प्रतिशत अंक और मनचाहे परीक्षा केन्द्र पर परीक्षा दिलाने के नाम पर अवैध वसूली करने का आरोप लगा है। मंगलवार को इसे लेकर छात्रों ने कॉलेज में जमकर हंगामा किया। कॉलेज स्टाफ से तीखी नोकझोंक भी हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस से भी छात्र उलझ गए। इसके बाद सभी ने तहसील दिवस में एडीएम और एएसपी को ज्ञापन सौंप कर मामले की जांच की मांग की।
प्रदर्शनकारी छात्रों का कहना था कि क्षेत्र के बावली, पुसार, बड़ौत, बिजरौल, हिलवाड़ी, लुहारी, सरूरपुर आदि गांव के करीबन 514 बच्चे इंडियन पब्लिक इंटर कॉलेज मेें पढ़ते है। आरोप है कि कक्षा 12 की बोर्ड परीक्षा में 85 प्रतिशत अंक और मनचाहे परीक्षा केन्द्र पर परीक्षा दिलाने के नाम पर प्रति विद्यार्थी 15 से 20 हजार रुपये वसूले गए। रुपये नहीं देने तक छात्रों को कॉलेज में घुसने तक नहीं दिया गया। रोल नंबर के नाम पर भी छात्रों से अवैध उगाही की जा रही है।
ऐसे में विद्यार्थी क्या करें? हंगामे के दौरान विद्यार्थियों की कॉलेज स्टाफ से तीखी नोकझोंक भी हुई। हंगामा बढ़ने की सूचना पर कॉलेज पहुंची पुलिस से भी छात्र उलझ गए। इसके बाद छात्र तहसील पहुंचे और हंगामा करते हुए एडीएम राकेश कुमार मालपानी को ज्ञापन सौंपकर जांच कर कार्रवाई की मांग की। हंगामा करने वालों में वीरेश तोमर, अंकित, अंकुर, अब्दुल, अक्षय, सौरभ, साकिब, वरुण, हर्ष, राजन, सन्नी तोमर, अश्वनी तोमर शामिल रहे।
विद्यार्थी बकाया फीस न देने के कारण यह आरोप लगा रहे हंै। किसी से कोई अवैध वसूली नहीं की गई है। सभी आरोप निराधार हैं। - विजय आनंद, प्रधानाचार्य, इंडियन पब्लिक इंटर कॉलेज। छात्रों की शिकायत को गंभीरता से लिया जाएगा। मामले की जांच कर कॉलेज प्रशासन के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। - आशुतोष भारद्वाज, डीआईओएस।