बड़ौत के वाजिदपुर गांव में दुर्घटना के बाद पहुंची पुलिस और जमा भीड़।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
बड़ौत-बिनौली मार्ग पर वाजिदपुर गांव में नागेश्वर मंदिर के पास बाइक और टैंपो में टक्कर होने से बाइक सवार की मौत हो गई। जबकि बाइक पर सवार एक महिला और दो बच्चे और टैंपो में सवार छह लोगों समेत नौ लोग घायल हो गए। दुघर्टना के बाद टैंपो चालक भाग गया।
अनिल अपनी पत्नी ब्रिजेश, पुत्री खुशी और तान्या निवासी शांतिनगर बड़ौत से बाइक पर जिवाना गांव जा रहे थे। जब वे वाजिदपुर गांव में नागेश्वर मंदिर के पास पहुंचे तो उन्हें बिनौली की ओर से आ रहे टैंपो चालक ने टक्कर मार दी।
इससे बाइक सवार अनिल की मौके पर मौत हो गई। जबकि उसकी पत्नी और दोनों पुत्री घायल हो गई। पुलिस के अनुसार घायल ब्रिजेश और तान्या की हालत गंभीर है। इस दुघर्टना में टैंपो में सवार किरठल निवासी हेम चंद, शिमला और ममता आदि लोग घायल हो गए।
उन्हें निजी अस्पतालों में भर्ती कराया। इस हादसे के बाद टैपों चालक मौके से भाग निकला। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इस मामले की रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई, परिजन घायलों का इलाज कराने में जुटे हैं।
महेंद्रा पिकअप ने बाइक सवारों को कुचला, एक की मौत
बड़ौत। रूपेश पुत्र मोहर सिंह निवासी जोनमाना बाइक से सरूरपुर कलां होते अपने गांव आ रहे थे। उसके पीछे उसका साथी राहुल पुत्र राजवीर बैठा था। जब ये दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर ट्यौढ़ी गांव के नजदीक आए तो महेंद्र पिकअप गाड़ी उन्हें टक्कर मारकर भाग गई।
घायलों को गंभीर हालत में मेरठ रेफर किया। मेरठ मेें रूपेश की मौत हो गई जबकि उसका साथी राहुल अभी भी गंभीर घायल है। इस संबंध में मृतक रूपेश के भाई अमरदीप ने महेंद्र पिकअप गाड़ी चालक के खिलाफ कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर गाड़ी का पता लगाने का प्रयास शुरू किया।