दिल्ली-सहारनपुर हाईवे स्थित बागपत गैस एजेंसी के पास ट्रक ने बाइक को कुचल दिया। इससे बाइक पर सवार युवक शिवकुमार (30) की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर घायल हो गया। इसके अलावा, बड़ौत-अमीनगर सराय मार्ग पर पूठड़ गांव के गेट के पास चार बाइकें आपस में भिड़ गईं।
इसमें युवक सचिन (21) की मौत हो गई व दो लोग घायल हो गए। इनके अलावा, गुफा बाबा मंदिर के पास नील गाय ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे महिला और उसके दो बच्चे घायल हो गए।
मीतली निवासी शिवकुमार जयदीप (33) के साथ बागपत में बाइक की सर्विस कराने आया था। शहर के दिल्ली रोड पर दोनों सामान खरीदने बाइक से दुकान पर जा रहे थे। बागपत गैस एजेंसी के पास वे सामने से आ रही ट्रैक्टर ट्रॉली की चपेट में आ गए।
इससे संतुलन बिगड़ा और वे सड़क पर गिर गए। पीछे से तेज गति से आ रहे ट्रक ने उन्हें कुचल दिया। हादसे में वे दोनो गंभीर घायल हो गए। मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोग उन्हें जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने घायल शिवकुमार को मृत घोषित कर दिया। जयदीप को हालत गंभीर होने के कारण मेरठ रेफर कर दिया गया।
इसके अलावा, खिंदौड़ा निवासी सचिन (21) रविवार सुबह अमर इंडेन गैस एजेंसी से सिलेंडर लेकर बाइक से घर जा रहा था। पूठड़ गांव के गेट के पास चार बाइकें आपस में टकरा गईं। इसमें सचिन और दूसरी बाइक पर सवार पूठड़ निवासी डिप्टी (65) घायल हो गए। लोग घायलों को अस्पताल लेकर पहुंचे।
वहां चिकित्सकों ने सचिन को मृत घोषित कर दिया। घायल दो लोग बाइकों पर सवार होकर चले गए। उधर, सोनीपत के मुरथल निवासी अरशद मां महरूनिशां और बहन शमा (8) के साथ घर से बाइक पर सवार होकर बड़ौत जा रहा था। हाईवे स्थित गुफा बाबा मंदिर के पास खेत से निकलकर आई नील गाय बाइक से टकरा गई। वे रोड पर गिरकर गंभीर घायल हो गए। उन्हें अस्पताल से हायर सेंटर भेजा गया है।