गुरुवार शाम ट्रक चालक अनिल अपने गांव चंदायन में घर आया और खाना खाकर रात करीब दस बजे यहां से परिचालक रोबिन ट्रक लेकर चला और चालक अनिल ट्रक में सो गया।
बड़ौत-मेरठ मार्ग पर जौहड़ी गांव के पास ट्रक चला रहे परिचालक का नियंत्रण बिगड़ गया, जिससे ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक यूकेलिप्टिस के पेड़ से टकरा कर पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। ट्रक के अंदर चालक और परिचालक दोनों बुरी तरह फंस गए।
चीख-पुकार सुनकर वहां काफी संख्या में राहगीर व लोग जमा हो गए। सूचना पर थाना पुलिस भी मौके पर पहुच गई, जिन्होंने किसी तरह से ट्रक के अंदर से चालक को मृत अवस्था में और परिचालक को घयाल अवस्था में बाहर निकाला।
पुलिस ने घायल परिचालक को सीएचसी बिनौली पर भर्ती कराकर चालक के परिजनों को हादसे की सूचना दी। इस पर चालक की पत्नी अनिता, पुत्र शिवा, तुषार का रोते रोते बुरा हाल हो गया। पुलिस ने पंचायतनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए बागपत भिजवाया।