बागपत के बड़ौत के बावली गांव से स्कूल जाते समय दो छात्राएं लापता हो गईं। परिजनों ने उनके अपहरण की आशंका जताई है। पिता की तहरीर पर पुलिस ने फिलहाल गुमशुदगी दर्ज कर ली है।
बावली निवासी विद्युतकर्मी की एक बेटी कक्षा 11 व दूसरी कक्षा 9 में पढ़ती हैं। गत बुधवार को वे जिवाना के एक निजी स्कूल में पढ़ने गई थीं। शाम तक न लौटने पर उनकी तलाश की गई। उनके पिता का आरोप है कि उन्हें गांव के ही कुछ युवक अगवा कर ले गए हैं। उन्हें लोगों ने देखा भी है। पिता ने गांव के ही दो-तीन युवकों के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी है। कोतवाली प्रभारी मुकेश कुमार का कहना है कि इस मामले में गुमशुदगी दर्ज की गई है। बरामदगी के बाद छात्राओं के बयान के आधार पर आगे कारवाई की जाएगी।
रिजवाना हत्याकांड : आरोपी सलीम का कोर्ट में आत्म समर्पण
बागपत। छपरौली की विवाहिता रिजवाना की हत्या के मामले में फरार चल रहे आरोपी सलीम ने कोर्ट में सरेंडर किया। थाना छपरौली के इंचार्ज ने कहा आरोपी सलीम को पुलिस कस्टडी रिमांड पर लेकर पूछताछ होगी।
घर में घुसकर महिला से अश्लील हरकत, हमला
बागपत। कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में मकान में घुसकर महिला से छेड़छाड़ कर अश्लील हरकत की। विरोध करने पर उसकी पिटाई की। इस मामले में कोर्ट के आदेश पर पांच आरोपियों के खिलाफ कोतवाली पर एफआईआर दर्ज हुई है।
गांव के व्यक्ति ने पुलिस को दिए पत्र में बताया 29 सितंबर को गांव के ही लोगों ने घर में घुसकर परिवार पर हमला किया। उसकी पत्नी ने विरोध किया तो आरोपियों ने उसके साथ गाली-गलौज अभद्रता की। बाद में आरोपियों ने उसके साथ अश्लील हरकत कर पिटाई की। पड़ोस के लोगों ने हस्तक्षेप कर उनकी जान बचाई। आरोपी धमकी देकर चला गया। आरोपी तभी से ही जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। इससे परिवार भयभीत है। इस मामले में कोर्ट के आदेश पर पांच आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हुई है। कोतवाल अरुण कुमार द्विवेदी ने कहा केस की विवेचना के आधार पर कार्रवाई होगी।