पुलिस व ग्रामीणों ने रस्सी के सहारे कुएं से बाहर निकाला
बागपत। नौरोजपुर गुर्जर के निकट ईंट भट्ठे पर चोरी करते समय जाग होने पर चोर भागने के दौरान लगभग पचास फीट गहरे कुएं में गिरकर घायल हो गया। पुलिस ने रस्सी के सहारे कुएं से निकाल चोरी के आरोपी युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। वहां के चिकित्सकों ने उसे हायर सेंटर रेफर किया।
ईंट भट्ठे निवासी मुनीम विक्रम सिंह ने बताया कि बृहस्पतिवार की रात में ईंट भट्ठे के दफ्तर में घुसकर एक युवक चोरी करने लगा। खड़खड़ाहट होने पर भट्ठे पर जाग होते ही शोर मचाने पर चोर भागने लगा। इस दौरान भट्ठे के दफ्तर की दीवार से पेड़ के सहारे उतरते समय चोर वहां पर स्थित गहरे कुएं में गिरकर दलदल में फंस गया और बचाओ बचाओ की आवाज लगाने लगा। काफी लोग मौके पर एकत्र हो गए। पुलिस को बुलाया। फिर पुलिस और ग्रामीणों ने रस्सी के सहारे कुएं से आरोपी युवक को निकाला और उसे अस्पताल में भर्ती कराया। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि आरोपी युवक योगेश निवासी ग्राम पाबला बेगमाबाद है। उसने भट्ठे से 14,850 रुपये की नगदी सहित अन्य सामान चुराया था। संवाद
स्कूल के बाहर से बाइक चोरी
बागपत। गाजियाबाद निवासी अनुज ने कोतवाली में दी तहरीर में बताया 15 अक्तूबर को दिल्ली रोड स्थित एक स्कूल के बाहर दोपहर के समय खड़ी कर स्कूल में किसी काम से गया था, जब वह बाहर आया तो बाइक गायब मिली। कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। संवाद