सीमेंट व्यापारी प्रदीप आत्रे हत्याकांड
- बड़ौत कोतवाली पहुंचे आईजी प्रवीण कुमार और एसपी अभिषेक सिंह
- संदिग्धों को ट्रेस करने, सीसीटीवी फुटेज संबंधी जानकारी भी ली गई
संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ौत (बागपत)। सीमेंट व्यापारी प्रदीप आत्रे हत्याकांड के आठ दिन बाद भी पुलिस खुलासा नहीं कर सकी। शुक्रवार को आईजी प्रवीण कुमार ने कोतवाली पहुंचकर जांच में जुटी पुलिस टीमों से जानकारी ली। कितने संदिग्धाें पूछताछ हुई, कितनी दबिश दी गई और अभी तक की जांच में क्या निकला आदि कई सवालों के जवाब पूछे।
आईजी प्रवीण कुमार शुक्रवार की शाम साढ़े चार बजे बड़ौत कोतवाली पहुंचे। उन्होंने सीमेंट व्यापारी प्रदीप आत्रे हत्याकांड में लगी टीमों के सदस्यों से अलग-अलग बुलाकर जानकारी ली। टीमों ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई है, लेकिन कोई बड़ी फुटेज प्राप्त नहीं हुई। अब तक पुलिस ने 150 से अधिक लोगों से पूछताछ की गई है। इसके अलावा 310 लोगों का सत्यापन किया जा चुका है। घटना स्थल के आसपास रहने वाले पुराने किरायेदारों और हाल मेें किराए पर रहने आए युवकों सहित अन्यों से जानकारी ली गई है। आईजी ने अधिकारियों को हत्याकांड के खुलासे के लिए आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
बता दें कि नौ अक्तूबर की शाम साढ़े सात बजे बिनौली रोड स्थित आत्रे ट्रेडर्स पर बदमाशों ने लूट का विरोध करने पर सीमेंट व्यापारी प्रदीप आत्रे को गोली मार दी थी। 11 अक्तूबर की रात मेरठ में उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई थी। मृतक के भतीजे अभिषेक आत्रे ने मुकदमा दर्ज कराया था।
------------------------
सांसद ने कहा कि सीएम से करेंगे बात
बड़ौत। बागपत सांसद डा सत्यपाल सिंह सीमेंट व्यापारी प्रदीप आत्रे के शिवपुरी स्थित आवास पहुंचे। परिवार के लोगों से दुख साझा किया और परिजनों को आश्वस्त किया कि वह इस प्रकरण को मुख्यमंत्री के समक्ष रखेंगे। पुलिस अधिकारियों से बात की जाएगी। सांसद ने प्रदीप आत्रे के छोटे भाई राजेंद्र आत्रे से जानकारी ली और उन्हें जल्द खुलासे का भरोसा दिलाया। छपरौली विधायक सहेंद्र सिंह रमाला ने भी परिजनों को शोक संवेदनाएं दी।
पुलिस की ताबड़तोड़ दबिश
बड़ौत। शुक्रवार को पुलिस ने बिजरौल, हिलवाडी, बड़ौली, जौनमाना, ढिकाना, वाजिदपुर आदि गांवों ताबड़तोड़ दबिशें दी। पुलिस ने 10 से अधिक संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया है। सीओ आलोक कुमार का कहना है कि जांच चल रही है, जल्द ही खुलासा किया जाएगा।