- पुसार-बराल मार्ग पर कार की टक्कर लगने से हुआ हादसा, रात भर युवक को तलाशते रहे परिजन और सुबह पोस्टमार्टम हाऊस में मिला शव
संवाद न्यूज एजेंसी
दोघट। पटाखे खरीदकर सोमवार शाम को घर लौट रहे आशीष (23) निवासी पुसार की बराल मार्ग पर कार की टक्कर लगने से मौत हो गई। आशीष के देर रात तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने तलाश किया। परिजनों को मंगलवार को सुबह होने पर आशीष की मौत होने के बारे में पता चला।
पुसार गांव निवासी आशीष अपने परिवार के साथ ईंट भट्ठे पर मजदूरी करता था। बताया कि सोमवार शाम दीपावली पर्व के अवसर पर आशीष बाइक लेकर दोघट कस्बे में पटाखे खरीदने गया। वहां से लौटते समय पुसार-बराल मार्ग पर दोघट कस्बे के समीप आशीष की बाइक में कार ने टक्कर मार दी। इस हादसे में आशीष गंभीर रूप से घायल कर दिया। राहगीरों और पुलिसकर्मियों ने आशीष को बिनौली सीएचसी लेकर पहुंचे, लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई। देर रात तक पहचान नहीं होने पर पुलिसकर्मियों ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
उधर, आशीष के घर नहीं लौटने पर परिवार वालों ने रातभर तलाश किया, लेकिन कुछ पता नहीं चला। शुक्रवार की सुबह पहचान होने पर पुलिस ने परिजनों को घटना की जानकारी दी। आशीष के परिवार में पिता देशपाल, मां क मलेश, भाई गुलशन, सिंटू, पत्नी ज्योति, बेटी निहारिका है। जांच अधिकारी सूर्यदीप सिंह का कहना है कि कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। इसमें जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।