रटौल (बागपत)। ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेस वे पर सरफाबाद के समीप पिअकप गाड़ी का टायर बदल रहे हेल्पर को कोहरे में ट्रक ने कुचल दिया। हादसे में हेल्पर की मौके पर ही मौत हो गई और चालक ट्रक लेकर भाग गया।
रामपुर जिले के शाहबाद का रहने वाला गुड्डू पिकअप चालक है, जो बुधवार रात अपने साथी सानिब (25) के साथ सोनीपत के फार्म से मुर्गा लेकर लौट रहा थ। बताया कि ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे पर सरफाबाद गांव के समीप पिकअप का टायर फट गया। इसके बाद चालक गुड्डू ने पिकअप को साइड में खड़ा कर टायर बदलना शुरू कर दिया, जिसमें सानिब भी जुट गया और खड़ा होकर टॉर्च जलाकर दिखाने लगा। तभी तेज गति से आए एक ट्रक ने सानिब को कुचल दिया।
- दो माह पहले हुई थी सानिब की शादी
हादसे की सूचना मिलने पर रामपुर जिले के शाहबाद से पोस्टमार्टम हाऊस पहुंचे परिजनों ने बताया कि सानिब गांव में ही मजदूरी करता था, जो कभी कभी गुड्डू के साथ पिकअप गाड़ी पर चला जाता था। परिजनों ने बताया कि दो महीने पहले ही सानिब की शादी हुई थी।
- नेशनल हाईवे पर ट्रक भिड़ने से लगा जाम
दिल्ली-सहारनपुर नेशनल हाईवे पर लक्ष्य पब्लिक स्कूल के सामने और मवीकलां गांव में ट्रकों की आपस में भिड़ंत हो गई, जिससे हाईवे पर जाम लग गया। गमीनत रही कि दोनों हादसों में कोई घायल नहीं हुआ। हादसे के बाद हाईवे पर वाहनों की लंबी लाइन लग गई। इसके बाद वहां पहुंचे यातायात पुलिसकर्मियों ने वाहनों को हटवाकर आवागमन शुरू कराया।