बागपत। सुन्हैड़ा गांव के रहने वाले सहारनपुर में तैनात हेड कांस्टेबल अजय पंवार (32) की रविवार देर रात घर के पास ही प्राइमरी स्कूल के शिक्षक मोहित ने गोली मारकर हत्या कर दी। शिक्षक भी सहारनपुर में तैनात है और इन दोनों के बीच एक सप्ताह पहले क्रिकेट मैच खेलने के दौरान गांव में ही झगड़ा हुआ था। इस रंजिश में शिक्षक ने उसकी हत्या की।
सुन्हैड़ा गांव निवासी हेड कांस्टेबल अजय पंवार वर्ष 2011 में यूपी पुलिस में भर्ती हुए थे, जिनकी तैनाती सहारनपुर जिले में चल रही थी। बताया कि अजय पंवार ने मकान का निर्माण कराया, जिसमें गृह प्रवेश के लिए दो दिन पहले छुट्टी लेकर गांव आ गए थे। रविवार देर रात अजय पंवार घर के पास घूम रहे थे। तभी गांव का रहने वाला प्राइमरी स्कूल का शिक्षक मोहित वहां आया वह भी सहारनपुर में ही तैनात है। अजय व मोहित के बीच कहासुनी हुई और मोहित ने तमंचा निकालकर अजय को गोली मार दी। परिजन उसे सोनीपत के अस्पताल में लेकर गए, मगर उसे वहां मृत घोषित कर दिया गया। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और अजय के शव को जिला अस्पताल लाया गया। एएसपी नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि अजय व मोहित एक साथ क्रिकेट खेलते थे और एक सप्ताह पहले गांव में क्रिकेट खेलने के दौरान उनमें झगड़ा हो गया था। इसके बाद दोनों के बीच व्हाट्स एप पर गाली-गलौज होती रही। रविवार शाम को मिलने पर दोनों में उसी बात को लेकर कहासुनी हुई और मोहित ने अजय की हत्या कर दी। इसमें पुलिस ने मुकदमा दर्ज करके मोहित की तलाश शुरू कर दी है। वह गायब हो गया है।