बिनौली। बरनावा गांव में शुक्रवार की सुबह घर में सो रहे ट्रैक्टर चालक हारुण की चारपाई पर सांप चढ़ गया और उसके हाथ में डस लिया, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई। हारुण की हालत बिगड़ने पर परिजनों ने मेरठ के निजी अस्पताल में उपचार कराया, जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।
बरनावा गांव निवासी हारुण ट्रैक्टर-ट्रॉली चलाता है। बृहस्पतिवार रात हारुण अपने घर में सो गया था। बताया कि शुक्रवार की सुबह उसकी चारपाई पर एक सांप चढ़ गया, जिसने हारुण के हाथ में डस लिया। सांप के डसते ही हारुण नींद से जाग गया और शोर मचा दिया। चीख सुनकर हारुण की मां भूरी, पत्नी महक समेत परिवार के अन्य सदस्य भी नींद से जाग गए। सांप के डंसने के बाद हारुण की हालत बिगड़ने लगी, जिसे उठाकर परिवार वाले मेरठ के निजी अस्पताल में ले गए। उसकी मां भूरी ने बताया कि हारुण की हालत अभी ठीक नहीं है।
घरों के आसपास साफ-सफाई रखें
सीएचसी अधीक्षक डॉ. अमित गोयल ने बताया कि गर्मी के मौसम में सांप समेत अन्य जहरीले जीव बिलों से बाहर निकलने लगते हैं और आसपास के घरों में घुस जाते हैं। इसको लेकर सतर्कता बरतने की जरूरत है। घरों के आसपास बड़ी घास और झाड़ियां न उगने दें। सांप के या अन्य जहरीले जीव के डसने पर तुरंत सीएचसी या जिला अस्पताल पहुंचकर उपचार कराएं।