छपरौली। लूंब गांव में शुक्रवार की सुबह सड़क किनारे लगे होर्डिंग से हाईटेंशन लाइन से टकराने पर उसमें करंट उतर गया। तभी वहां से जा रहा घोड़ा होर्डिंग से छू गया। जिससे पोल में उतरे करंट से घोड़े की मौत हो गई। उसका मालिक धीरसैन बाल-बाल बच गया। धीरसैन के बेटे रोहताश ने पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की।
लूंब गांव के रहने वाले रोहताश ने बताया कि उसके पिता धीरसैन घोड़ा-बुग्गी चलाते हैं। शुक्रवार की सुबह घोड़ा लेकर मुख्य मार्ग पर जा रहे थे। तभी घोड़े का मुंह सड़क किनारे लगे होर्डिंग के पोल से टकरा गया। इससे करंट लगने से मौके पर ही उसकी मौत हो गई। जबकि घोड़े को पकड़कर चल रहे उसके पिता धीरसैन बाल-बाल बच गए। उन्होंने वहां जाकर देखा तो होर्डिंग से बिजली की हाईटेंशन लाइन टकराई हुई थी, जिससे हादसा हुआ। रोहताश ने बताया कि गांव के लोगों ने होर्डिंग से बिजली लाइन टच होने की शिकायत की थी, लेकिन समाधान नहीं कराया गया। रोहताश ने मुआवजा दिलाने और कानूनी कार्रवाई की मांग की। इसमें जांच अधिकारी आशीष पुंडीर का कहना है कि जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।