छपरौली। कस्बे के श्री विद्या मंदिर इंटर कॉलेज के मैदान में बने सिंथेटिक रनिंग ट्रैक पर शुक्रवार सुबह करीब पांच बजे दौड़ लगा रहे खिलाड़ियों को सांप दिखाई दिया। इससे खिलाड़ी ट्रैक छोड़कर वहां से भाग गए। उन्होंने रनिंग ट्रैक पर सांप की वीडियो बनाकर मैदान में साफ-सफाई कराने की मांग की।
श्री विद्या मंदिर इंटर कॉलेज के मैदान में बने सिंथेटिक रनिंग ट्रैक पर दौड़ लगा रहे संदीप, अक्षय, कपिल खोखर आदि ने बताया कि सांप के दिखाई देने से खिलाड़ी काफी भयभीत हैं। उन्होंने बताया कि रनिंग ट्रैक पर अग्निवीर आर्मी के फिजिकल के लिए युवा सुबह-शाम दौड़ लगाते हैं। ट्रैक पर सांप आने की घटना काफी गंभीर है। मैदान के आसपास काफी झाड़ियां भी हैं, जिससे अन्य सांप होने का डर भी है। उन्होंने मैदान में साफ-सफाई कराने की मांग की। इस मामले में स्किल इंडिया केंद्र के प्रबंधक राजकुमार ने बताया कि आसपास खेत होने के कारण सांप या अन्य जंगली कीड़े वहां आ जाते हैं। मैदान को दोबारा साफ करा दिया जाएगा।