- मकान में एक लाख रुपये की नकदी समेत पांच लाख रुपये का सामान जला, ग्रामीणों ने पीड़ित को मुआवजा दिलाने की मांग की
संवाद न्यूज एजेंसी
रमाला। जिवाना गांव में शॉर्ट सर्किट से मालू के मकान में आग लग गई। इससे मकान में रखी एक लाख रुपये समेत पांच लाख रुपये से अधिक का सामान जलकर राख हो गया। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और पीड़ित मजदूर को नुकसान का मुआवजा दिलाने की मांग की।
जिवाना गांव निवासी मालू ने बताया कि वह ईंट-भट्ठे पर परिवार के साथ रहकर मजदूरी करता है। बृहस्पतिवार रात करीब दस बजे परिवार के साथ पड़ोसी के मकान में टेलीविजन पर कार्यक्रम देख रहा था। तभी उनके घर में शॉर्ट सर्किट से चिंगारी उठने से सामान में आग लग गई और पूरे मकान में फैल गई। मकान के बाहर तक आग की लपटें निकलने पर पड़ोसियों ने शोर मचाया।
उन्होंने पानी डालकर आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन आग पर काबू नहीं पाया जा सका। आग की चपेट में आने से बाइक, डीजे, फ्रिज, वाशिंग मशीन, कूलर, बेड़, सोफे और एक लाख की नकदी जल गई। इस मामले में जांच अधिकारी जितेंद्र सिंह का कहना है कि आग लगने के सही कारणों का पता लगाया जाएगा। उसी के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।