छपरौली। लुहारा गांव में 40 साल पुराना पीपल का पेड़ काट रहे ठेकेदार शान मोहम्मद और उसके साथियों ने वन दरोगा विपिन कुमार भाटी के साथ गाली-गलौज कर हाथापाई की। इसके बाद जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए।
वन दरोगा विपिन कुमार भाटी ने बताया कि लुहारा गांव में 40 साल पुराना पेड़ काटने की सूचना मिलने पर टीम के साथ छापा मारा। वहां पर उन्होंने ठेकेदार शान मोहम्मद से पेड़ काटने की अनुमति दिखाने को कहा तो उसने गाली-गलौज शुरू कर दी। ठेकेदार के साथी भी वहां आ गए और जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। वहीं ग्रामीणों ने 40 साल पुराना पीपल का पेड़ काटने पर आक्रोश जताया। वहां आए पुलिसकर्मियों ने पेड़ काटने में प्रयुक्त की गई मोटर आरा मशीन, कुल्हाड़ी बरामद की। इस मामले में जांच अधिकारी शिवदत्त ने बताया कि ठेकेदार और उसके साथियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। इसमें जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।