अग्रवाल मंडी टटीरी (बागपत)। कस्बे में नेशनल हाईवे निर्माण करने वाली कंपनी के खिलाफ भारतीय किसान यूनियन के बैनर तले नगर में जुलूस निकाला गया। धरने में पहुंचे रालोद के राष्ट्रीय सचिव डॉ. कुलदीप उज्ज्वल ने दुकानदारों व मकान मालिकों को समर्थन दिया। धरने के 14वें नईम खान व ओमप्रकाश सुबह से शाम पांच बजे तक भूख हड़ताल पर बैठे। धरना स्थल पर भारतीय किसान यूनियन के एक कार्यकर्ता लक्ष्मण सिंह की तबीयत बिगड़ गई।
हाईवे निर्माण के विरोध में भाकियू के बैनर तले 14 दिन से धरना जारी है। निर्माण कंपनी ने सड़क के दोनों ओर 13-13 मीटर पर निशानदेही की है, जबकि नगर के लोग 10-10 मीटर पर निर्माण कराने की मांग कर रहे है। दस मीटर से अधिक पर निर्माण कार्य करने पर मुआवजे की मांग कर रहे है। रविवार को धरने को समर्थन करने के लिए रालोद के राष्ट्रीय सचिव डॉ. कुलदीप उज्जवल मौके पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि रालोद ने सदैव लोगों के हक की लड़ाई लड़ी है और आगे भी जारी रहेगी। कंपनी की तानाशाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। लोगों के हक के लिए लखनऊ तक लड़ाई लड़ी जाएगी। उन्होंने जुलूस में शामिल होकर लोगों को उनकी समस्याओं का निराकरण कराने के लिए हरसंभव प्रयास करने का आश्वासन दिया। भाकियू युवा जिला अध्यक्ष चौधरी हिम्मत सिंह ने कहा कि समस्या का समाधान नहीं होने तक धरना जारी रहेगा। धरने में नसीम, मोहित, इमरान, शहजाद, संजय मानव, करण सिंह उर्फ पिंकी, मास्टर कृष्ण पाल मानव, नरेश, अयूब, अश्वनी, विकास, राकेश, जगदीश, विजयपाल, महिपाल, डॉ सुनील अग्रवाल, विजय मानव, निसार अहमद, कृष्णपाल गुरुजी, शांति, मोहसिना, शिफा, असद, सोनू, अफरोज, रिहाना, शबनम, साइना, अफसाना आदि मौजूद रहे।