रटौल। ढिकौली मार्ग पर खासपुर रजबहे के पास कार ने सामने से आ रही बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार फजर मोहम्मद (38) निवासी बसौद की मौत हो गई। वहीं उनका साला शादाब निवासी सरधना गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल शादाब को चिकित्सकों ने सीएचसी से मेरठ रेफर कर दिया।
बसौद गांव निवासी फजर मोहम्मद शनिवार को अपने साले शादाब निवासी सरधना जिला मेरठ के साथ शनिवार को रटौल में रिस्तेदारी में आए थे। शनिवार देर शाम रटौल से वापस बसौद लौटते समय जैसे ही रटौल-ढिकौली मार्ग पर खासपुर रजबहे के पास पहुंचे तो सामने से आ रही कार के साथ उनकी भिड़ंत हो गई। कार से भिड़ंत होते ही दोनों बाइक सवार दूर जाकर गिरे। सूचना पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने घायलों को सीएचसी पहुंचाया, लेकिन रास्ते में फजर मोहम्मद की मौत हो गई। इस मामले में जांच अधिकारी अतर सिंह ने बताया कि हादसे के बाद कार में सवार युवक वहां से भाग गए। वहीं कार को कब्जे में ले लिया गया है। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।