- कलक्ट्रेट के सभागार में आयोजित की गई उद्योग बंधु समिति की बैठक में सिर्फ चार उद्यमी पहुंचे
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। कलक्ट्रेट में उद्योग बंधु समिति की बैठक सिर्फ चार उद्यमियों के साथ पूरी हो गई, वहां न समस्या उठी न ही समाधान कराया गया। इसमें उद्यमियों ने बैठक का एजेंडा और सूचना भी नहीं देने का आरोप लगाया।
उद्योगों के संचालन में आने वाली समस्याओं का समाधान कराने के लिए हर महीने जिला मुख्यालय पर उद्योग बंधु समिति की बैठक का आयोजन किया जाता है। बुधवार को भी बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में सभी विभागों के अफसर तो पहुंच गए, लेकिन उद्यमी नजर नहीं आए। काफी इंतजार करने के बाद चार उद्यमी ही बैठक में शामिल हुए और बैठक शुरू होने के थोड़ी देर बाद ही समाप्त हो गई।
जिला मुख्यालय पर प्रदर्शनी केंद्र बनवाने की मांग उठाई
उद्योग बंधु समिति की बैठक में शामिल हुए उद्यमी एसके कुंडू ने कहा कि जिला मुख्यालय पर उत्पादों की प्रदर्शनी के लिए प्रदर्शनी केंद्र नहीं है। इसकी वजह से कभी कॉलेज तो कभी विवाह मंडप में प्रदर्शनी लगाई जाती है। उन्होंने उद्यमियों की सुविधा के लिए प्रदर्शनी केंद्र का निर्माण कराने की मांग की। इनके अलावा औद्योगिक क्षेत्र में ट्रकों को खड़े करने की समस्या उठाई।
बैठक का एजेंडा और सूचना नहीं भेजी
जिला मुख्यालय पर हर महीने होने वाली बैठक का एजेंडा और सूचना मिलने पर अन्य पदाधिकारियों के साथ बैठक में शामिल होकर समस्याएं उठाते थे। इस बार भी कई समस्याएं उठाने की तैयारी थी, लेकिन उद्योग विभाग की तरफ से बैठक का एजेंडा और सूचना नहीं भेजी गई। इसी वजह से बैठक में शामिल नहीं हो सके। योगेश जिंदल, जिलाध्यक्ष, इंडस्ट्रीज एंड ट्रेडर्स वेलफेयर एसोसिएशन
वर्जन-दस दिन पहले उद्योग बंधुओं के ग्रुप में बैठक की सूचना भेज दी गई थी। सूचना नहीं देने के आरोप गलत है। बैठक में जो भी समस्याएं आई, उनका समाधान कराया जाएगा। - अर्चना तिवारी, सहायक, उपायुक्त उद्योग