संवाद न्यूज एजेंसी
दोघट। कान्हड़ बिजलीघर की हाईटेंशन लाइन में फाल्ट होने से आठ घंटे तक 12 गांवों की बिजली आपूर्ति ठप रही। इससे ग्रामीणों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
कान्हड़ बिजलीघर की हाईटेंशन लाइन में बृहस्पतिवार सुबह फाल्ट हो गया। इससे बिजलीघर से जुड़े दोघट कस्बे, गांगनौली, पुसार, रहतना, मांगरौली, आदमपुर, मौजिजाबाद नांगल, भगवानपुर, इदरीशपुर, बेगमाबाद गढ़ी, कान्हड़ समेत 12 गांवों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। ग्रामीणों ने इसकी शिकायत ऊर्जा निगम के हेल्पलाइन नंबर और अफसरों से की। इसके बाद फाल्ट तलाशने में जुटे कर्मियों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। दोपहर बाद फाल्ट मिलने पर ठीक कराया गया। इससे आठ घंटे बाद बिजली आपूर्ति बहाल की गई। इस मामले में अवर अभियंता रवि रंजन ने बताया कि फाल्ट ठीक कराकर आपूर्ति शुरू करा दी गई है।