बड़ौत। गणतंत्र दिवस को लेकर सुरक्षा के मद्देनजर रविवार को पुलिस व खुफिया विभाग ने रविवार को हरियाणा व दिल्ली के बॉर्डर समेत अन्य जगहों पर चेकिंग अभियान चलाया। बागपत व बड़ौत के सार्वजनिक स्थलों व रेलवे स्टेशन पर चेकिंग की गई।
हरियाणा बॉर्डर की निवाड़ा चौकी, डूंडाहेड़ा चौकी, बागपत व बड़ौत के मुख्य बाजार, छपरौली चुंगी, कोताना रोड, बावली रोड समेत सार्वजनिक स्थानों पर पुलिस ने खुफिया विभाग के साथ चेकिंग अभियान चलाया। बड़ौत में रोडवेज बस अड्डा, दिल्ली रोड स्थित होटलों में पहुंचकर उसके संचालकों से बातचीत की गई। उन्हें बताया कि किसी भी अंजान को बिना आईडी के न ठहराए। यदि किसी पर भी शक होता है तो तुरंत पुलिस को सूचना दें। वहीं जीआरपी व आरपीएफ ने स्टेशन व दिल्ली-सहारनपुर रूट पर चलने वाली ट्रेनों में संघन चेकिंग अभियान चलाया। सीओ विजय कुमार ने अप्रिय घटना की सूचना मिलने पर पुलिस को जानकारी देने की अपील की।