बागपत रेलवे स्टेशन पर ट्रेन की टक्कर से सांड की मौत के बाद मौके पर जमा यात्री। संवाद
- दिल्ली-सहारनपुर रेलमार्ग पर बागपत रोड रेलवे स्टेशन के पास हुआ हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
अग्रवाल मंडी टटीरी। दिल्ली-सहारनपुर रेलमार्ग पर बृहस्पतिवार रात शामली से दिल्ली जा रही पैसेंजर ट्रेन से एक सांड़ टकरा गया। इससे पहिए जाम होने से ट्रेन रुक गई और वहां हादसा टल गया। इस दौरान ढाई घंटे तक बागपत रोड रेलवे स्टेशन पर पैसेंजर ट्रेन खड़ी रही। नीचे से सांड़ को निकाले जाने के बाद ट्रेन को रवाना किया गया।
दिल्ली-सहारनपुर रेलमार्ग पर बृहस्पतिवार रात पैसेंजर ट्रेन शामली से दिल्ली के लिए चली। रात करीब साढ़े नौ बजे जैसे ही ट्रेन बागपत रोड रेलवे स्टेशन पर पहुंची तो एक सांड़ उसके नीचे आ गया, जो एक पहिए में फंस गया। इससे ट्रेन के पहिए जाम होने की वजह से अचानक रुक गई। इसके बाद वहां आए कर्मियों ने ढाई घंटे तक कड़ी मशक्कत करने के बाद ट्रेन के नीचे से सांड़ को निकाला।
उधर, कुछ लोगों ने सोशल मीडिया पर ट्रेन को लेकर अफवाह फैला दी। इस दौरान ट्रेन में सवार यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। बागपत रोड रेलवे स्टेशन से पैसेंजर ट्रेन दिल्ली रवाना होने के बाद बड़ौत से दूसरी ट्रेन को रवाना किया गया, जो आधा घंटा लेट हो गई।
वर्जन-
एक सांड़ पैसेंजर ट्रेन के नीचे आने के बाद पहिए में फंस गया। इससे ढाई घंटे तक ट्रेन स्टेशन पर खड़ी रही। सांड़ को नीचे से निकलवाने के बाद ट्रेन को दिल्ली रवाना कर दिया गया। - सतीश शर्मा, स्टेशन अधीक्षक, बागपत रोड रेलवे स्टेशन।