बागपत। ईद को लेकर घर में सफाई कर रहे 12वीं के छात्र जिशान निवासी डौला के पैर में सांप ने डस लिया। दर्द होने पर वह चिकित्सक के यहां पहुंचा तो चिकित्सक ने सांप के डसने की पुष्टि की। इसके बाद जिला अस्पताल में छात्र का उपचार कराया गया, जहां चिकित्सकों ने एंटी स्नैक वेनम की 10 वैक्सीन लगाकर छात्र की जान बचाई।
डौला गांव निवासी 12वीं के छात्र जिशान ने बताया कि बृहस्पतिवार सुबह भाभी के साथ घर में सफाई कर रहा था, तभी उसके पैर में तेज दर्द होने लगा और कुछ नुकिला चुभने के दो निशान बन गए। थोड़ी देर बाद जिशान की तबीयत बिगड़ने लगी तो परिवार वाले गांव के ही निजी चिकित्सक के यहां लेकर पहुंचे। चिकित्सक ने जांच की तो उसके पैर में सांप के डसने के निशान मिले। इससे छात्र के परिजन भयभीत हो गए और जिशान को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद एंटी स्नैक वेनम की वैक्सीन लगाकर छात्र की जान बचाई। इस मामले में डॉ. शाहिद अली का कहना है कि छात्र की हालत में सुधार है और अब उसे निगरानी में रखा गया है। इसके बाद जिला अस्पताल से छुट्टी दे दी जाएगी।