छपरौली। बड़ौत से छपरौली होते टांडा तक बसों की कमी के कारण यात्री पूरे दिन जूझते रहे और वे बसों की क मी के जिम्मेदार अधिकारियों को कोसते नजर आए। उन्होंने डीएम से मार्ग पर बसों को नियमित चलवाने और लापरवाह रोडवेज कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई कराने की मांग की।
यात्री राजेंद्र, बीरसैन, जगबीर, अजय सिंह, सुखपाल, देवेंद्र, कुशल पाल, धर्मवीर, हरबीर आदि ने बताया कि मार्ग पर मलकपुर, सिनौली, आदर्श नंगला, छपरौली, कूड़ी , नांगल और टांडा समेत अन्य बस स्टैंडों पर शनिवार को यात्रियों को कई घंटे बसों की राह देखनी पड़ी। उन्होंने कहा पहले कुछ समय अनुबंधित बसों की संख्या बढ़ाई थी, इससे लोगों को राहत मिली, लेकिन निगम ने अनुबंधित बसों को इस रूट से हटा दिया और जो बसें चल रही है वे निगम की खटारा बसें हैं जो लोगों को सुविधा कम और दुविधा ज्यादा दे रही है। न तो वे समय पर चलती हैं और न ही उन्हें यात्रियों की सुविधा का ही ख्याल है। उन्होंने कहा गिनी चुनी 3-4 बसें ही रूट को कवर कर रही है जो कई कई घंटाें तक सड़क से ही गायब रहती है। अधिकारी बसों की लोकेशन की जानकारी करने की कोशिश ही नहीं करते। इसका चालक और परिचालक फायदा उठाते हैं। उन्होंने डीएम से इस रूट पर बसों की संख्या बढ़ाने, बसों को नियमित चलवाने और लापरवाह कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। डिपो प्रभारी अजय सक्सेना ने रूट पर नियमित बस सेवा चालू कराने और लापरवाह कर्मचारियों को चिन्हित क राने का आश्वासन दिया।