बड़ौत। दीगर सूबाें से लाई गईं महिलाओं की जिंदगी की स्याह हकीकत से सफेदपोश समाज का दामन दागदार है। घर बसाने का ख्वाब सजाकर आईं परदेशी बहुएं शोषण के घूंघट में सुबक रही हैं, लेकिन लगता है जुल्म की बेड़ी ने न्याय के पैर बांध दिए हैं। नतीजन ये बेबस भेड़ और बकरी की तरह नीलाम कर दी जाती हैं। किसी के हिस्से में चाकरी आती है तो कोई दहलीज के अंदर ही देह शोषण की आग से सुलगती रहती हैं।
जिला बागपत में गिरते लिंग अनुपात के कारण जिले के काफी लोग हिमाचल, बिहार, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल, उड़ीसा आदि राज्यों की लड़कियों को यहां ले आते हैं। कुछ महिलाएं खरीदकर लाई जाती है तो कुछ शादी का झांसा देकर। जिले में ऐसे औसतन दस मामले हर माह सामने आ रहे हैं। इससे कई गुना केस तो पुलिस तक पहुंचते ही नहीं। यहां लाकर महिलाओं पर जुल्म ढाए जाते हैं। महिलाओं को चाकरी, नीलामी और देह शोषण जैसी त्रासदी झेलनी पड़ती है। कई महिलाओं को बच्चा पैदा होने के बाद खदेड़ दिया जाता है। इसका एक उदाहरण कोतवाली क्षेत्र के लुहारी गांव का है। इसमें एक व्यक्ति बिहार से अपने लड़के के लिए बहु लाया और बाद में उसे दहेज की मांग पूरी न होने पर मारपीट कर घर से निकाल दिया। महिला सुमन अब पुलिस से इंसाफ की गुहार लगा रही है।
वहीं दो माह पहले बड़ौली निवासी अमरीश बिहार की तीन-चार युवतियां को उनके पिता से 60 हजार रुपये में खरीदकर लाया था, जिन्हें वह बड़ौत तहसील के पास लाकर एक युवती को 35 हजार रुपये में बेचने लगा। सूचना पर पहुंची पुलिस को देखकर सभी वहां से भाग गए। इसके अलावा 20 वर्षीय महिला ने पुलिस को बताया उसे बावली गांव का एक व्यक्ति उत्तराखंड से शादी करके लाया था। पता चला कि वह पहले से शादीशुदा है। यहां उससे नौकरानी का काम कराया और मारा पीटा भी। बड़ौत कोतवाली पुलिस ने तहरीर पर जांच शुरू कर दी।
वहीं बिजरौल से उत्तराखंड निवासी एक युवती संगीता ने बड़ौत पुलिस को बताया एक व्यक्ति शादी करके उसे अपने घर लाया । 20 दिन बाद वह पैसे लेकर साथियों से उसका देह शोषण कराने लगा। विरोध करने पर मारपीट की। पुलिस ने उसे महिला थाने भेजा। इस संबंध में एसपी जेके शाही ने कहा महिला कोई हो, शिकायत पर तुरंत कार्रवाई होती है। दूसरे राज्यों की महिलाओं का रिकार्ड विभाग में नहीं है। वहीं डीएम धनलक्ष्मी के. ने कहा जहां शादी होती है, वहीं रजिस्ट्रेशन किया जाता है। जनपद में इस तरह का कोई रिकार्ड नहीं है। इस तरह के सभी मामलाें का हरसंभव निस्तारण कराया जाएगा।