बागपत। रिमोट सेंसिंग एप्लिकेशन सेंटर के चेयरमैन डॉ. कुलदीप उज्ज्वल के पिता धर्मपाल चौधरी पर गोकशी प्रयास के चार मुल्जिमों को छुड़ाने के लिए जिस दरोगा अशोक कुमार को धमकाने का आरोप लगा है, उसकी हिमायत में आईपीएस अधिकारी अमिताभ ठाकुर आगे आए हैं। उन्होंने डीजीपी को खत लिखकर धर्मपाल के खिलाफ संगीन धारा में केस दर्ज करने की मांग की। उधर एएसपी विद्या सागर मिश्र ने चर्चा में आए इस प्रकरण की जांच शुरू कर दी है। एसपी जितेंद्र शाही ने भी दरोगा को मामले की जानकारी करने को बुलाया है।
सिविल डिफेंस में लखनऊ में तैनात आईपीएस अमिताभ ठाकुर ने अखबारों में खबर पढ़ने के बाद दरोगा अशोक कुमार, बालैनी थाना के इंस्पेक्टर वीरेंद्र सिंह और एसपी जितेंद्र शाही से फोन पर पूरा प्रकरण मालूम किया। इसके अलावा दरोगा की ओर से धर्मपाल चौधरी के खिलाफ जीडी में दर्ज तस्करे की जानकारी ली। उन्होंने बागपत के कई लोगों से भी बात की।
इसके बाद डीजीपी एएल बनर्जी को शिकायती पत्र लिखा। इसमें बताया दरोगा अशोक कुमार को कुलदीप उज्ज्वल और उनके पिता धर्मपाल चौधरी से जान का खतरा है। उन्होंने मांग की कि धर्मपाल चौधरी के खिलाफ सरकारी काम में बाधा और धमकी देने की धाराओं में केस दर्ज किया जाए। डीजीपी को लिखा यह खत मीडिया को ई-मेल से भेजा।