बड़ौत। जाट शिक्षा सभा की प्रबंध समिति के अध्यक्ष पद के लिए जनता वैदिक इंटर कॉलेज में प्रबंध समिति के कार्यालय में भारी सुरक्षा बंदोबस्त के बीच नामांकन प्रक्रिया हुई। अध्यक्ष पद पर छह प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किया।
चुनाव अधिकारी विजय पाल सिंह तोमर की देखरेख में सुबह 10 बजे से दो बजे तक जाट शिक्षा सभा के अध्यक्ष पद के लिए नामांकन की प्रक्रिया चली। इस दौरान बिजरौल तिराहे से लेकर बिजरौल रोड मीरापुर राजवाहे के पुल पर बैरीकेडिंग लगाकर पूरे मार्ग को सील किया गया था। इस दौरान एसडीएम यशवर्धन श्रीवास्तव और सीओ सीपी सिंह मौजूद रहे। चुनाव अधिकारी ने बताया कि अध्यक्ष पद के लिए वीरेंद्र पाल सिंह पुत्र रघुवीर सिंह, राजवीर पुत्र इकबाल, उदयवीर पुत्र इकबाल, रणवीर सिंह तोमर पुत्र रघुवीर सिंह, धर्मपाल पुत्र खासेराम, वीरेंद्र पाल पुत्र कालू राम ने नामांकन पत्र दाखिल किया। दो बजे के बाद सभी नामांकन पत्रों की जांच की गई, जो वैध पाए गए। चुनाव अधिकारी ने बताया कि 21 अक्तूबर को दोपहर एक बजे तक नामांकन पत्रों की वापस और दो बजे प्रत्याशियों की सूची का अंतिम प्रकाशन और उसके बाद ढाई बजे चुनाव चिन्हों का आवंटन किया जाएगा। दो नवंबर सुबह सात बजे से दोपहर तीन बजे तक मतदान होगा। उसके बाद मतगणना होगी और चुनाव परिणाम की घोषणा कर दी जाएगी। उन्हाेंने यह भी बताया कि मतदान के लिए 24 बूथ बनाए गए हैं और इसमें 18 हजार के लगभग मतदाता मताधिकार का प्रयोग करेंगे। उन्हाेंने यह भी बताया कि सभी आजीवन सदस्यों को मत डालने के लिए परिचय पत्र लाना अनिवार्य होगा।