बागपत। ढोढरा गांव में 16 अक्तूबर की रात धार्मिक स्थल पर हुई फायरिंग, पथराव के मामले में सोमवार को कश्यप समाज के लोगों ने पुलिस पर एकतरफा कार्रवाई करने का आरोप लगाते हुए एसपी दफ्तर पर हंगामा किया। उन्होंने मामले की मजिस्ट्रेटी जांच कराकर निर्दोषों के खिलाफ झूठा मुकदमा खत्म करने की मांग की है।
राष्ट्रीय कश्यप समाज के प्रदेश अध्यक्ष बिजेंद्र सिंह कश्यप के नेतृत्व में काफी लोग एसपी दफ्तर पर पहुंचे। उनका कहना है कि पुलिस ने उनके समाज के तीन लोगों को ही गिरफ्तार कर जेल भेजा है। पुलिस उन्हें परेशान कर रही है। वह खेतों में छुपे हुए हैं। वह गांव से पलायन करने के लिए मजबूर हो रहे हैं। विपक्षियों को पुलिस गिरफ्तार नहीं कर रही है। वह उन पर केस में फैसले का दबाव बना रहे हैं। उन्होंने विपक्षियों की गिरफ्तारी, केस की मजिस्ट्रेटी जांच की मांग की। चेतावनी दी कि यदि उनकी मांग पूरी नहीं हुई तो वह सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेंगे। इस मौके पर ओमपाल, सुरेश, हरप्रसाद, सतपाल, प्रताप, प्रमोद, सोनू मौजूद रहे। एसपी जितेंद्र कुमार शाही ने बड़ौत थाना पुलिस को मामले की जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।