बागपत। शहर की अवैध कॉलोनियों पर दिवाली के बाद ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी। मंडलायुक्त द्वारा सभी अवैध कॉलोनियों की रिपोर्ट तलब कर ली है। जिन कॉलोनियों के ध्वस्तीकरण के आदेश हो चुके हैं और अभी तक कार्रवाई नहीं हुई है, उनके बारे में जवाब मांगा है। ऐसी कॉलोनियों पर कार्रवाई करने के आदेश दिए गए हैं।
बागपत-बड़ौत-खेकड़ा विकास प्राधिकरण के गठन के बाद जितनी भी अवैध कॉलोनियों बनी हैं और जितनी भी कॉलोनियों के प्राधिकरण द्वारा ध्वस्तीकरण के आदेश दिए गए हैं। कमिश्नर भूपेंद्र सिंह ने सभी की रिपोर्ट तलब की है। प्राधिकरण की बुधवार को हुई बोर्ड बैठक के बाद उन्होंने यह रिपोर्ट मांगी। इसमें बताना होगा कि विकास प्राधिकरण के गठन के बाद कितनी कॉलोनियां स्वीकृत हो चुकीं हैं, कितनों के नक्शे दाखिल हुए हैं, कितने समय से और किस कारण लंबित हैं, कितनी बार सुनवाई की गई है? इसके अलावा यह भी पूछा या है कि कितनी कॉलोनियों पर ध्वस्तीकरण के आदेश जारी किए जा चुके हैं, उन पर अब तक कार्रवाई क्यों नहीं हो पाई? मंडलायुक्त ने ध्वस्तीकरण के आदेश हो जाने वाली कॉलोनियों पर कार्रवाई करने के आदेश दिए हैं। प्राधिकरण के अधिकारियों के अनुसार बागपत, बड़ौत और खेकड़ा की 50 कॉलोनियां ऐसीं हैं जिनकी सुनवाई हो चुकी है। ध्वस्तीकरण के भी आदेश हो चुके हैं। अपर जिलाधिकारी और प्राधिकरण सचिव संतोष कुमार शर्मा का कहना है कि मंडलायुक्त को अवैध कॉलोनियों की रिपोर्ट दी गई है। जिन कॉलोनियों के ध्वस्तीकरण के आदेश हैं, उन पर दिवाली के बाद यह कार्रवाई की जाएगी।