बड़ौत/छपरौली। रालोद के राष्ट्रीय महासचिव जयंत चौधरी शनिवार को बड़ौत और छपरौली विधानसभा क्षेत्र में रोड शो करने पहुंचे। उनका ढोल-नगाड़ों से स्वागत किया गया और जगह-जगह फूल मालाएं पहनाई गईं। उन्होंने रालोदियों को पूरी ताकत से जुटने के लिए कहा।
जयंत चौधरी का बड़ौत विधानसभा क्षेत्र के मलकपुर गांव से रोड शो शुरू हुआ। यह रोड शो लोयन, सिनौली, नंगला, शबगा, बाछौड़, ककौर, बदरखा, छपरौली, हेवा, कुर्डी, बौढ़ा, टांडा गांव से होकर गुजरा। रोड शो के दौरान कई गांवों में उन्हें पैदल भी चलना पड़ा। नंगला गांव में राजवीर के बेटे की मौत पर उन्होंने उनके घर पहुंचकर परिजनों को शोक संवेदना प्रकट की। रोड शो के दौरान उनके साथ रालोद के जिलाध्यक्ष अनिल जैन, विधायक वीरपाल राठी, पूर्व विधायक डॉ. अजय कुमार, अरुण तोमर, सुभाष पहलवान, राजू तोमर सिरसली एवं अन्य रहे।
युवाओं में ऊर्जा भरने आया हूं : जयंत
रोड शो के दौरान मीडिया से जयंत ने कहा कि यह चौधरी साहब का क्षेत्र है। उन्हें हमेशा यहां से प्यार मिलता रहा है। वह तो युवाओं में ऊर्जा भरने के लिए आए है। अमित शाह के बयान पर जब उनसे सवाल किया गया तो वे कुछ नहीं बोले और रोड शो में आगे बढ़ गए।