बागपत। हाईवे की हालत इतनी बदतर हो चुकी है कि कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। हाईवे की बदहाली के बारे में जिलाधिकारी अमृत त्रिपाठी ने शासन को लिखकर भेज दिया है। हादसे को रोकने के लिए हरियाणा की ओर से बड़े वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित किया जाएगा। हरियाणा प्रशासन से भी इस बारे में मंगलवार को वार्ता की जानी है।
बागपत में हाईवे पर गड्ढे इतने गहरे हो चुके हैं कि सड़क पर भारी वाहनों का चलना मुश्किल हो गया है। हाईवे के गड्ढों के चलते आए दिन ट्रक पलट रहे हैं, गनीमत है कि अभी तक कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ है। हाईवे निर्माण की फिलहाल कोई सूरत भी नजर नहीं आ रही है, गड्ढे भरने में भी खानापूर्ति ही की जा रही है।
प्रशासन को भी हाईवे पर बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है। हाईवे की खराब हालत के बारे में जिलाधिकारी अमृत त्रिपाठी ने शासन को लिखा भी है और हाईवे को फोरलेन कराने के लिए शीघ्र कार्रवाई कराए जाने की पैरवी भी की है।
सड़क की हालत को देखते हुए प्रशासन ने भारी वाहनों को कम कराने का फैसला किया है। प्रशासन का मानना है कि बागपत में हरियाणा की ओर से भारी वाहन अधिक संख्या में आ रहे हैं। इनमें सबसे अधिक वाहनों की जनपद में एंट्री निवाड़ा बार्डर से ही हो रही है। इसलिए प्रशासन हरियाणा से भारी वाहनों का जनपद में प्रवेश बंद कराएगा।
जिलाधिकारी अमृत त्रिपाठी ने बताया कि हरियाणा से आने वाले भारी वाहनों को रोक दिया जाए तो हाईवे पर हो रहीं दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है। इसके लिए पुलिस अधीक्षक और हरियाणा के सोनीपत के प्रशासनिक अधिकारियों के साथ मंगलवार को बैठक कर हरियाणा की ओर से निवाड़ा चौकी होते हुए आने वले भारी वाहनों को बंद कराया जाएगा।