बागपत। निवाड़ा चौकी पुलिस द्वारा पीछा करने पर तस्करों की स्कॉर्पियो गाड़ी पलट गई, इससे स्कार्पियों में सवार तीन तस्कर घायल हो गए। घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया।
बुधवार की शाम करीब छह बजे हरियाणा की ओर से तेज गति से एक स्कॉर्पियो गाड़ी आ रही थी। निवाड़ा चौकी पुलिस ने चेकिंग के लिए उसे रुकने का इशारा किया, तो चालक गाड़ी को लेकर भागने लगा। पुलिस ने गाड़ी का पीछा किया। इस दौरान स्कॉर्पियो की चपेट में आने से कई लोग बाल-बाल बच गए। जैसे ही कार नैथला मोड़ के पास पहुंची, तभी अनियंत्रित होकर पलट गई। स्कॉर्पियो में कई पेटी हरियाणा मार्का शराब रखी हुई थी, इससे स्कॉर्पियो में सवार तस्कर शामली के भौरा कंडेला निवासी मुरसलीम, महताब, सतपाल घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को गाड़ी से निकाला और सीएचसी पर भर्ती कराया। पुलिस मामले की जांच में लगी हुई है।