बागपत। राष्ट्रीय लोकदल के नेता एवं पूर्व विधायक नवाब कोकब हमीद की बेगम अनीस फातिमा का बुधवार की सुबह साढ़े दस बजे मेरठ कैंट स्थित आवास पर इंतकाल हो गया। 61 वर्षीय अनीस फातिमा कई माह से मानसिक बीमारी से परेशान थीं। उनका मेरठ के ही एक अस्पताल में उपचार चल रहा था।
दोपहर को उनके शव को बागपत स्थित नवाब कोकब हमीद की हवेली में लाया गया। शाम चार बजे अजान दी गई और उसके बाद शवयात्रा निकाली गई। शाम को मेरठ रोड स्थित कब्रिस्तान में अनीस फातिमा को दफना दिया गया। नवाब कोकब हमीद के चार पुत्रियां एवं एक पुत्र हैं।
समाचार मिलते ही पूरा बाजार बंद हो गया। शोक संवेदना जताने के लिए भारी भीड़ हवेली पर जुट गई। हजारों की संख्या में लोग शाम तक जुट गए। सिर्फ बागपत ही नहीं, मेरठ, हापुड़, गाजियाबाद, दिल्ली, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर एवं अन्य जनपदों से भी भारी संख्या में लोग पहुंचे।
रालोद के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय उड्डयन मंत्री चौधरी अजित सिंह भी शाम को साढ़े चार बजे बागपत पहुंचे और शवयात्रा में शामिल हुए। इससे पूर्व बसपा सांसद बाबू मुनकाद अली, सपा सरकार में मंत्री शाहिद मंजूर, हाजी शाहिद अखलाक, पूर्व मंत्री मैराजुददीन, विधायक प्रशांत चौधरी, चेयरमैन राजुद्दीन समेत कई नेता पहुंचे। शहर काजी हाजी हबीबुर्रहमान भी मौजूद रहे।
अब्दुल्ला गर्ल्स कॉलेज यूनियन की प्रेसीडेंट रहीं
अनीस फातिमा कॉलेज के दिनों में राजनीति में रहीं। वह 1969 में अब्दुल्ला गर्ल्स कॉलेज यूनियन अलीगढ़ की प्रेसीडेंट रहीं। निकाह के बाद उन्होंने केवल सामाजिक कार्यों में बढ़ चढ़कर भाग लिया। वह मेरठ में कई कालेजों की समिति में सदस्य भी रहीं।
जिला बार एसोसिएशन ने जताया शोक
जिला बार संघ ने भी शोक प्रकट किया। शोक जताने वालों में अध्यक्ष विजय पाल सिंह तोमर ने मांगेराम, देवेंद्र आर्य, श्योवीर सिंह तोमर, जसपाल राणा, सोहनपाल, गुर्जर, इफ्तार हसन, शहजाद खान शामिल रहे।